भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, विधि विरुद्ध बालक गिरफ्तार, मुख्य तस्कर फरार

जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बबरगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है।

भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, विधि विरुद्ध बालक गिरफ्तार, मुख्य तस्कर फरार
Image Slider
Image Slider
Image Slider

भागलपुर: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बबरगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बबरगंज थाना क्षेत्र के सानो-चौधरीडीह स्थित एक दुकान में राजा यादव उर्फ टेणो ठाकुर यादव द्वारा ब्राउन शुगर का भंडारण और खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-02) तथा बरारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पहले एक विधि विरुद्ध बालक के कब्जे से 42.56 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर उसे हिरासत में लिया। इसके बाद मुख्य आरोपी राजा यादव की दुकान पर छापा मारा गया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। तलाशी के दौरान दुकान से 16.05 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर जब्त की गई।

पूरे अभियान में कुल 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। गिरफ्तार विधि विरुद्ध बालक से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपी राजा यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

भागलपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।